BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश मवेशी के शव को बचाने में कार पेड़ से टकराई:कार में सवार...

मवेशी के शव को बचाने में कार पेड़ से टकराई:कार में सवार 4-5 लोग सुरक्षित बचे, पूर्व प्रत्याशी ने की मदद

श्रावस्ती में भिनगा-सिरसिया मार्ग पर भिनगा जंगल में सोमवार देर रात एक KIA कार पेड़ से टकरा गई। यह हादसा सड़क पर पड़े मवेशी के शव को बचाने के प्रयास में हुआ। कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार चार से पांच लोगों को मामूली चोटें आईं। अच्छी बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी और सभी सुरक्षित बच गए। मिली जानकारी के मुताबिक, सिरसिया थाना क्षेत्र के गोडदौरिया गांव के चार से पांच लोग लखनऊ से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 12 बजे वे भिनगा जंगल में सिरसिया की तरफ़ जा रहे थे। बताया गया कि सड़क पर एक मवेशी का शव पड़ा था। अंधेरे के कारण चालक को शव दिखाई नहीं दिया। अचानक सामने आने पर चालक ने कार को बचाने के लिए मोड़ा, जिससे कार बेकाबू हो गई। इसी बीच, बलरामपुर-श्रावस्ती लोकसभा 58 क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी हाजी दद्दन खान अपनी टीम के साथ उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने हादसे का शिकार हुई कार देखकर अपना वाहन रोक दिया। हाजी दद्दन खान और उनकी टीम ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। समय पर मदद मिलने के कारण कार सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। गनीमत रही की इस हादसे में किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है सभी को हल्की-फुल्की चोटें आईं हैं