
बृहस्पतिवार को महसी में घाघरा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। इससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान 106.07 मीटर को पार कर 106.20 मीटर पर पहुंच गई है। यह खतरे के निशान से 17 सेंटीमीटर ऊपर है। बैराजों से नदी में 3,45,257 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे तटवर्ती गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। बाढ़ प्रभावित गांव पूरे प्रसाद सिंह के जोधेपुरवा, टंच, जानकीनगर और महंतपुरवा पानी से घिर गए हैं। जानकीनगर के राकेश, धर्मेंद्र और ननकऊ ने बताया कि पानी अभी घरों में नहीं घुसा है, लेकिन गांवों के रास्ते बंद हो गए हैं। ग्रामीण मवेशियों के लिए नाव, बाइक और साइकिल से दूसरे छोर से चारा ला रहे हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में डर बढ़ गया है। एसडीएम राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जलस्तर बढ़ा है, लेकिन महसी में अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। राजस्व टीमें प्रभावित गांवों पर लगातार नजर रख रही हैं।































