फरेंदा (महराजगंज)। नगर पंचायत आनंद नगर के औद्योगिक नगर में टूटी नालियां और कच्ची सड़कें स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं। खासकर छोटे बच्चे और स्कूल जाने वाले छात्र बारिश के दिनों में काफी दिक्कतें झेलते हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई महीनों से सड़कें खराब हो चुकी हैं। मरम्मत न होने के कारण आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। आसपास के नागरिक सुरेंद्र कुमार, शिवप्रकाश गुप्ता, दिनेश चौरसिया, प्रमोद कुमार और संजय जयसवाल ने बताया कि टूटी नालियों से बदबू आती है और पानी जमा रहता है। इससे मच्छर और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चे गंदे पानी से होकर स्कूल जाते हैं और कई बार फिसलकर चोटिल भी हुए हैं। स्थानीय व्यापारियों को भी सामान लाने-ले जाने में देरी और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका आर्थिक नुकसान हो रहा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनुज भारती ने बताया कि नगर के विस्तार में जो क्षेत्र बाद में जुड़े हैं, वहां सड़कों का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य चल रहा है और इसे पूरा होने में समय लग रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मानसून खत्म होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और पक्की सड़कों का काम तेज किया जाएगा। नालियों को भी साफ कराकर पानी निकालने के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल अस्थायी तौर पर छोटे पुल या रास्ते बनाए जाएं, ताकि बच्चों की आवाजाही सुरक्षित रहे। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि जल्द से जल्द काम पूरा करवा कर इस पुरानी समस्या का स्थायी हल निकाला जाए, नहीं तो आने वाले समय में यह परेशानी और बढ़ सकती है।
कोषागार मंत्री के भाई लापता, पुलिस कार्रवाई से कर्मचारी नाराज:15 सितंबर...
बस्ती में कोषागार कर्मचारी संघ के मंत्री आलोक श्रीवास्तव के भाई आनंद श्रीवास्तव एक सितंबर से लापता हैं। उनकी बरामदगी न होने और पुलिस...






































