बस्ती में साइबर थाना पुलिस ने लोगों को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले फोनपे और गूगलपे पर मोबाइल नंबर डालकर संबंधित व्यक्ति का नाम पता करते थे। इसके बाद खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पीड़ित को फोन करते और मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम वसूलते थे। आरोपी 42 पन्नों की CDR मिलने और अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर लोगों को डराते थे। थाने में मामला खत्म कराने के नाम पर हजारों रुपए और कोर्ट से मामला खत्म कराने के लिए लाखों रुपए की मांग की जाती थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य गुप्ता (28) निवासी दक्षिण दरवाजा, पुरानी बस्ती, मूल निवासी मसकनवा बाजार, गोंडा और अजय सिंह चौहान (24) निवासी कंचनपुर, कानपुर नगर, मूल निवासी भौसाना, कानपुर देहात के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार शाम करीब 4:35 बजे साइबर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने का दावा अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने मंगलवार शाम करीब 4 बजे मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आदित्य ने बताया कि वह करीब दो साल से साइबर अपराध में शामिल था। आरोप है कि वह गिरोह के सदस्यों को साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराता था। ठगी से मिलने वाली रकम का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा उसे मिलता था। पुलिस के अनुसार, अजय ने एक मामले में पीड़ित को फोन कर पुलिस से गिरफ्तार होने और मुकदमे में फंसने का डर दिखाया। इसके बाद पीड़ित से 11 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पहले 15 हजार, फिर 4 लाख तक मांगते पुलिस के मुताबिक, आरोपी वॉयस चेंजर का इस्तेमाल कर अपनी आवाज बदलते थे और खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताते थे। वे मुकदमा दर्ज होने का डर दिखाकर पहले करीब 15 हजार रुपए मांगते थे। इसके बाद कोर्ट में मामला खत्म कराने के नाम पर चार लाख रुपए तक की मांग की जाती थी। इस तरह पीड़ित को अलग-अलग स्तर पर डराकर रकम वसूलने का आरोप है। साइबर थाने में केस दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना बस्ती में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और सिम की भी जानकारी जुटा रही है।
एसएसबी ने 10 युवतियों को दिया हुनर:फूड प्रोसेसिंग प्रशिक्षण का समापन...
श्रावस्ती में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 10 युवतियों के लिए आयोजित फूड प्रोसेसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को समापन किया। डी समवाय, सुइयां...





































