BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार ‘सात मुकदमे, 50 हजार का इनाम और मुंबई में ठिकाना…’, आजमगढ़ पुलिस...

‘सात मुकदमे, 50 हजार का इनाम और मुंबई में ठिकाना…’, आजमगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर रब्बानी को दबोचा

आजमगढ़ बिलरियागंज पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 50 हजार के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे सोमवार सुबह करीब 6:46 बजे सियरहा अंडरपास से कंधरापुर जाने वाली सड़क के पास से पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिलरियागंज थाने में चोरी, आबकारी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, अयूब नगर कस्बा निवासी रब्बानी पुत्र फिरोज अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके गिरोह के विरुद्ध बिलरियागंज थाने में मोबाइल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 276/24, 277/24 और 278/24 दर्ज किए गए थे। इन मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए थे। तीनों मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजे जा चुके हैं।

Also Read: आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित गिरफ्तार, चोरी-नकबजनी और वाहन चोरी के मामलों में था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ गैंग चार्ट का अनुमोदन 26 मई 2026 को किया गया था। इसके बाद बिलरियागंज थाने में मु0अ0सं0 143/26 के तहत धारा 2(b)(1), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस टीम जैगहा चौराहा और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी महाराष्ट्र/मुंबई से वापस आया है और एक्सप्रेस-वे के नीचे वाले रास्ते से कंधरापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सियरहा अंडरपास से कंधरापुर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया।गिरफ्तार रब्बानी की उम्र करीब 31 वर्ष बताई गई है। उसके खिलाफ बिलरियागंज थाने में चोरी से संबंधित तीन मुकदमों के अलावा आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक कुल सात अभियोग दर्ज हैं। रब्बानी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के 16 सितंबर के आदेश के तहत इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी गई थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

The post ‘सात मुकदमे, 50 हजार का इनाम और मुंबई में ठिकाना…’, आजमगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर रब्बानी को दबोचा appeared first on Breaking Tube.