
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, केजीएमयू के ओरल पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ.फहद मंसूर सामदी को दंत चिकित्सा के क्षेत्र की प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियन एंड सर्जन ऑफ ग्लासगो की फेलोशिप से सम्मानित किया गया है। यह दंत चिकित्सा के क्षेत्र की विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित व्यावसायिक फेलोशिप में से एक है।डॉ.समदी उत्तर भारत के प्रथम ओरल पैथोलॉजिस्ट हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित फेलोशिप प्राप्त हुई है तथा वे भारत के चुनिंदा ओरल पैथोलॉजिस्टों में शामिल हैं जिन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया है। वे केजीएमयू के फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज से इस फेलोशिप को प्राप्त करने वाले तीसरे दंत चिकित्सक हैं। उनसे पूर्व यह सम्मान प्रतिष्ठित प्रो.शादाब मोहम्मद व स्वर्गीय प्रो.दिव्या मेहरोत्रा को प्राप्त हो चुका है। डॉ. समदी की यह उपलब्धि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, फैकल्टी ऑफ डेंटल साइंसेज तथा ओरल पैथोलॉजी विभाग के लिए गौरव का विषय है।

























