विद्यालयों में नियमित प्रशिक्षण शिविर व अन्य सेवा गतिविधियों के आयोजन पर दिया जाए जोर-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में ’स्काउट एवं गाइड’ की जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करना, विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सहभागिता बढ़ाना और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, सदस्यता बढ़ाने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी आयोजनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्काउट एवं गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक सेवा गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस संगठन से जुड़ सकें।मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से भारत स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और यह संगठन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी , जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रचार्य अलक्षेन्द्र इण्टर कालेज ज्योति प्रकाश पाण्डेय, भारत स्काउट एवं गाइड श्रावस्ती के सचिव कामाक्षा प्रसाद पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






























