
श्रावस्ती और बलरामपुर में एसएसबी और वन विभाग की टीम ने खैर की अवैध कटान करते चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग जंगल से खैर की लकड़ी काटकर दूसरे जिलों में भेजने की तैयारी कर रहे थे। यह कार्रवाई मंगलवार को सिरसिया थाना क्षेत्र के बालू गांव में हुई। टीम ने मौके से 13 बोटे खैर की लकड़ी, एक पिकअप वाहन और हाथ आरा बरामद किया। 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की बलरामपुर कंपनी डगमारा और सोहेलवा पूर्वी रेंज वन विभाग को बालू गांव में खैर की अवैध कटान और लकड़ी बाहर भेजे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसएसबी की क्यूआरटी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। घटनास्थल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ से करीब नौ किलोमीटर भारत की तरफ था। टीम ने मौके पर कुछ लोगों को पिकअप में खैर की लकड़ी लोड करते देखा। घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान 13 बोटे खैर की लकड़ी, एक हाथ आरा और पिकअप (यूपी 32 वाईएन 0017) बरामद हुई। पकड़े गए लोगों की पहचान मनोज कुमार, लल्लू राम, राकेश कुमार और राम जागे के तौर पर हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैर की लकड़ी को बहराइच और लखीमपुर-खीरी की कत्था फैक्ट्रियों में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ी, वाहन और बाकी सामान अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में रेंज केस संख्या 15/2026-2027 दर्ज कर वन कानूनों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। जांच टीम अब इस अवैध कटान से जुड़े दूसरे लोगों और लकड़ी को फैक्ट्रियों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई के बाद जंगल से खैर की अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी करने वालों में हड़कंप है।






































