
श्रावस्ती में लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते गुस्से के बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी आखिरकार मौके पर पहुंचे। विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सियन), एसडीओ रवि कुमार और अवर अभियंता विनोद प्रसाद ने स्थानीय खराब सड़क और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचते ही स्थानीय दुकानदार और बाजारवासी बड़ी संख्या में जमा हो गए। लंबे समय से खराब हालात में रह रहे लोगों ने अधिकारियों के काम करने के तरीके और टालमटोल वाले रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने जोरदार प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। बाजारवासियों ने अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। लोगों का कहना था कि बार-बार शिकायतें देने के बावजूद विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा था, जिससे उनका व्यापार और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ और गुस्से को देखते हुए अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझा। PWD अधिकारियों ने माना कि इलाके में जल निकासी की समस्या गंभीर है। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिया कि सबसे पहले जल निकासी का समाधान कराया जाएगा और इसके तुरंत बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस प्रदर्शन और निरीक्षण के दौरान नगर अध्यक्ष नंदकुमार गुप्ता, हीरालाल गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, संतोष कुमार उर्फ गुड्डू, किशोरी लाल, सोनू गुप्ता और शिवांकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।































