
मिहीपुरवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 05 जरही के मोहल्ला गार्गी नगर में सफाई कर्मचारी सड़कों के किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर पंचायत के कर्मचारी जो भी कूड़ा उठाते हैं, उसे लाकर यहीं डाल देते हैं। बरसात में जब यह कूड़ा सड़ता है, तो हवा से इसकी बदबू फैलती है। इससे पास के दुकानदारों और निवासियों को सांस लेने में दिक्कत होती है। वहीं इसी कूड़े में छुट्टा घूम रहे मवेशी अपना चारा तलाश रहे हैं। आखिर इस कूड़े के देर से अपना चार तलाश कर खाने के बाद मवेशी भी बीमार पड़ जाएंगे तो इनका जिम्मेदार कौन होगा। दुकानदार कृपा राम, चांद बाबू, गुड्डू मधेशिया, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, राजेश तिवारी, अशोक कुमार, छोटू, आशु, बसंती और राकेश समेत कई वार्ड निवासियों ने बताया कि उन्होंने सफाई कर्मचारियों को कई बार मना किया है। इसके बावजूद वे यहां कूड़ा फेंकना बंद नहीं कर रहे हैं। बात मारपीट तक पहुंच गई है। सफाई कर्मचारी कहते हैं कि ‘आप जहां चाहें शिकायत करें, हमारा कुछ नहीं होगा।’ इस मामले में वार्ड के सभासद प्रतिनिधि सुनील कुमार मद्धेशिया उर्फ बाबा ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को वहां कूड़ा फेंकने के लिए मना किया जाएगा। उनका कहना है कि जहां लोग रहते हैं, वहां कूड़ा फेंकना गलत है।






























