Home उत्तर प्रदेश 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार:बहराइच में पैर में लगी...

25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार:बहराइच में पैर में लगी गोली, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

0
1


बहराइच में मटेरा थाना क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र छीनने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। नानपारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने गुरुवार देर रात करीब 12 बजे मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 सितंबर को हुई थी। गंगोत्री नाम की महिला अपने फूफा के घर से लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका मंगलसूत्र छीन लिया और भाग गए। इस मामले में मटेरा थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा करने के लिए तीन टीमें बनाई थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान हुई। 2-3 सितंबर की रात स्वाट टीम और मटेरा पुलिस ने एक मुठभेड़ में फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, उसका साथी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल मौके से फरार हो गया था। असलम की गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। बाइक सवार को रोकने की कोशिश पुलिस के अनुसार, 3-4 सितंबर की रात नानपारा पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि असलम चोरी की मोटरसाइकिल लेकर निबिया नहर पुलिया से रुपईडीहा रोड की तरफ जा रहा है। पुलिस ने चेकिंग शुरू की। जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की, तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लिया और इलाज के लिए सीएचसी नानपारा भेजा। उसके पास से बाइक (UP40BF6651), दो मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस मिला। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here