
बहादुरपुर ब्लॉक के अमिलहा गांव में लुंबनी-दुद्धी मार्ग पर बना डिवाइडर पूरी तरह घास से ढक गया है। घास इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को डिवाइडर साफ दिखाई नहीं देता। इससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर दिन-रात बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन आते-जाते हैं। खासकर रात में रोशनी कम होने पर घास से ढका डिवाइडर वाहन चालकों के लिए और खतरनाक हो सकता है। अचानक डिवाइडर सामने आने पर वाहन बेकाबू होकर टकरा सकते हैं। राहगीर खालिक अहमद, राजू फरीद और एजाज अहमद ने बताया कि अगर डिवाइडर के आसपास उगी घास की समय पर सफाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों ने विभाग से तुरंत झाड़ियों और घास की सफाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे डिवाइडर दूर से ही दिखाई देगा और हादसों को रोका जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विभाग से इस समस्या पर ध्यान देने को कहा है। उन्होंने जल्द सफाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही इस समस्या का हल निकालना चाहिए।































