
महराजगंज के दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज के महंत दिग्विजयनाथ बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम में जनपद स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता हुई। इसमें दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज ओवर आल चैंपियन बना। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा और विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने किया। उन्होंने मां सरस्वती और दिग्विजयनाथ जी महाराज के चित्र पर दीप जलाकर और फूल चढ़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्राओं ने सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि खेल जीवन में शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए बहुत जरूरी हैं। विद्यार्थी जीवन में खेलकूद का खास महत्व है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का मुख्य आधार हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में खेलों को विद्यार्थियों के पूरे विकास का जरूरी हिस्सा माना गया है। इस जनपद स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जिले की एक दर्जन टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार विजेता रहा। अंडर-14 बालक वर्ग में भी दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार ने जीत हासिल की। अंडर-19 बालिका वर्ग में दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार विजेता रहा, जबकि अंडर-17 में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नौतनवा उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज चौक बाजार ओवर आल चैंपियन बना, जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नौतनवा उपविजेता रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने विजेता, उपविजेता और सभी टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र दिए। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और अतिथियों व प्रशिक्षकों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन बिनोद कुमार विमल ने किया, जबकि खेल प्रशिक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने इसका संयोजन किया।
Home उत्तर प्रदेश महराजगंज के इंटर कॉलेज बना बास्केटबॉल प्रतियोगिता का चैंपियन बना:जनपद स्तरीय टूर्नामेंट...































