
मिहींपुरवा कस्बे में एक बार फिर तेंदुए की दस्तक से लोगों में डर का माहौल बन गया है। गुरुवार को वार्ड नंबर छह स्थित ईदगाह रोड पर कब्रिस्तान जाने वाले रास्ते के पास सिंचाई कॉलोनी स्टोर की दीवार पर एक तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। आबादी के इतने करीब तेंदुए को देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि तेंदुआ काफी देर तक स्टोर की दीवार पर बैठा रहा। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने दूर से अपने मोबाइल फोन से तेंदुए का वीडियो बना लिया। तेंदुए के आबादी के करीब पहुंचने की खबर तेजी से आसपास के इलाके में फैल गई, जिसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डरने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। आबादी के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में काफी डर बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए की निगरानी बढ़ाने और उसे पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि शाम होने के बाद ईदगाह रोड और कब्रिस्तान की ओर जाने वाले रास्ते पर सन्नाटा छा जाता है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी लोगों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर समय रहते तेंदुए को पकड़ने का इंतजाम नहीं किया गया, तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और बढ़ गई है। स्थानीय लोग वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचकर तेंदुए की निगरानी करने और सुरक्षा व्यवस्था पक्की करने का इंतजार कर रहे हैं।































