राजधानी दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया है। समिट में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, विदेशी प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारी शामिल होंगे। वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के साथ आम लोगों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक, दोनों स्तरों पर व्यापक तैयारियां की हैं।
दिल्ली पुलिस के करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की करीब 200 कंपनियां भी सुरक्षा में लगाई गई हैं। एयरपोर्ट, भारत मंडपम, वीवीआईपी होटलों और दूसरे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक कड़ी निगरानी
विदेशी मेहमानों के दिल्ली पहुंचने से लेकर उनके होटल और कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले संभावित रास्तों की पहले से जांच की गई है। इन रूटों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। होटल और भारत मंडपम में प्रवेश और निकास की जांच, वेरिफिकेशन और सर्विलांस के इंतजाम किए गए हैं।
वीवीआईपी मूवमेंट पर ट्रैफिक डायवर्जन
वीवीआईपी काफिले की आवाजाही के दौरान जरूरत के मुताबिक कुछ रास्तों पर थोड़े समय के लिए ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। पुलिस का कहना है कि सभी रास्ते लगातार बंद नहीं रहेंगे। प्रतिबंध केवल वीवीआईपी मूवमेंट के समय और आवश्यकता के अनुसार लगाए जाएंगे।
ड्रोन उड़ाने पर रोक
सुरक्षा के लिहाज से चिन्हित इलाकों में ड्रोन और किसी भी तरह के अनधिकृत फ्लाइंग ऑब्जेक्ट को उड़ाने पर रोक रहेगी। आसमान से होने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी।
कमांड सेंटर से होगी निगरानी
पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी कमांड और कंट्रोल रूम से की जाएगी। कैमरों और अन्य सर्विलांस सिस्टम के जरिए महत्वपूर्ण रास्तों और स्थानों पर नजर रखी जाएगी। किसी आपात स्थिति, एंबुलेंस की जरूरत या अचानक ट्रैफिक समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को भी तैयार रखा गया है।
दिल्ली पुलिस ने केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों और पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ भी समन्वय बढ़ाया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और प्रभावित मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। मेट्रो सेवा सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है।






































