प्रिय जनपदवासियों,
श्रावस्ती। वर्तमान में मानसून/भारी वर्षा के कारण नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। जनपद के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है 28 सितम्बर, 2026 तक वर्षा की संभावना है। राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.70 मी ऊपर है नदी का बहाव तेज है किन्तु नदी अभी अपने कैचमेंट मे बह रही है। खराब मौसम की वजह से स्थिति संवेदनशील है। आपकी सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जनहानि को रोकने और सुरक्षित रहने के लिए सावधानियों का पालन करें। अफवाहों पर ध्यान न दें केवल प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी की गई आधिकारिक और प्रामाणिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों से बचें। नदी के किनारे, जलभराव वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले लोग तुरंत सुरक्षित या ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। बाढ़ के समय पानी दूषित होने की अधिक संभावना होती है। इसलिए स्वच्छ पानी या उबालकर ही पिएं। जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर से दूर रहें। घरों में नमी या पानी होने पर मुख्य स्विच को तुरंत बंद कर दें। हवा बहुत तेज चल रही है जिस कारण पेड़ो के नीचे न जाए।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को पानी से भरे गड्डों, जलभराव वाले रास्तों या उफनती नदियों के पास न जाने दें। बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की आवश्यकताओं का पहले से प्रबंध कर लें। अपने पालतू पशुओं को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर बांधें तथा उनके लिए चारे का पर्याप्त प्रबंध रखें। प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी कर रहा है और सभी आवश्यक राहत सामग्रियां, बचाव दल, बाढ़ चौकियां, शरणालय स्थल क्रियाशील है। किसी भी आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित है। किसी भी आपात स्थिति में 1077, 7905573303 एवं 7991990387, 9721939303, 05250297302 पर सूचित करें अथवा क्षेत्रीय लेखपाल, तहसीलदार, उपजिलाधिकारी को सूचित करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।













































