लालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दो साल के बच्चे के साथ लूट की झूठी कहानी गढ़ी। महिला ने पुलिस को बताया कि चाकू के बल पर उससे गहने लूट लिए गए। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच की तो मामला संदिग्ध लगा और बाद में पूरी कहानी फर्जी निकली। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद चौधरी ने बताया कि 7 सितंबर को मथौली निवासी पूजा पत्नी सौरभ कुमार ने 112 पर सूचना दी। उसने बताया कि एक ई-रिक्शा या ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने उसके दो साल के बच्चे के गले पर चाकू रखकर उसका मंगलसूत्र और दोनों कानों के झुमके लूट लिए। महिला ने यह भी बताया कि उसकी बहन शीतल की आर्टिफिशियल माला भी लूटी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद चौधरी और महसो चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साहूपार लिंक रोड और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में बताए गए समय पर न तो कोई ई-रिक्शा या ऑटो दिखा और न ही दोनों महिलाएं घटनास्थल के आसपास नजर आईं। सीसीटीवी फुटेज में गड़बड़ी मिलने पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की। पूछताछ में लूट की पूरी कहानी सामने आ गई। महिला ने बताया कि वह 25 अगस्त को रक्षाबंधन पर अपने मायके छितही नरसिंह गई थी। वह अपने गहने बैग में लेकर गई थी, लेकिन रक्षाबंधन के दिन बैग खोलने पर गहने गायब मिले। उसने इसकी जानकारी अपनी बहन और मां को दी। पुलिस के मुताबिक, ससुराल वालों को गहने मायके में गायब होने की जानकारी न हो, इसलिए महिला, उसकी मां और बहन ने मिलकर लूट की झूठी कहानी बनाई। उन्होंने 112 पर फर्जी सूचना दी। पुलिस की जांच में लूट की सूचना फर्जी पाई गई, जिसके बाद मामले की सच्चाई सामने आ गई। इस पूरे मामले की जानकारी प्रभारी निरीक्षक लालगंज दिनेश चंद चौधरी ने दी।
SSB ने सीमा सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए गतिविधियां:बहराइच में...
बहराइच में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने और आपदा के समय बचाव कार्य को बेहतर बनाने के लिए...





































