बस्ती में त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने दो स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं। इनमें लालकुआं-कोलकाता और छपरा-पठानकोट के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों से महानगरों से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। दोनों ट्रेनें साप्ताहिक आधार पर चलेंगी और बस्ती रेलवे स्टेशन पर भी रुकेंगी। ट्रेन संख्या 05060 लालकुआं-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक आठ फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन हर गुरुवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी। यह लखीमपुर खीरी, सीतापुर और गोंडा के रास्ते रात 11:52 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना और बिहार होते हुए कोलकाता जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05059 कोलकाता-लालकुआं साप्ताहिक स्पेशल हर शनिवार को शाम 5 बजे कोलकाता से चलेगी। यह ट्रेन बिहार और गोरखपुर के रास्ते रविवार को तड़के 3:58 बजे बस्ती पहुंचेगी। यहां से यह गोंडा, लखीमपुर और पीलीभीत के रास्ते लालकुआं जाएगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 05193 छपरा-पठानकोट वाया गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल के भी आठ अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। इसका संचालन 23 नवंबर तक होगा। यह ट्रेन छपरा से दोपहर 2 बजे रवाना होकर गोरखपुर के रास्ते रात 9:56 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर और बरेली के रास्ते पठानकोट जाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05194 पठानकोट-छपरा स्पेशल दोपहर 12:30 बजे पठानकोट से चलेगी। यह अगले दिन रात 1:03 बजे बस्ती पहुंचेगी। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों पर संभावित भीड़ को देखते हुए ये अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं।


































