BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश मतदान खत्म होते ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी, बांसवाड़ा में भाजपा-कांग्रेस की अलग...

मतदान खत्म होते ही प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी, बांसवाड़ा में भाजपा-कांग्रेस की अलग रणनीति

0
0
News Desk

बांसवाड़ा। बांसवाड़ा नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए हुए मतदान के बाद राजनीतिक दलों द्वारा अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी तेज कर दी गई है। वायरल हुई तस्वीरों के अनुसार, जहां एक तरफ कांग्रेस के प्रत्याशी दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के एक रिसोर्ट में ठहरे हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों को धार्मिक यात्रा पर ले जाया गया है।

देवदर्शन और गुजरात भ्रमण पर भाजपा प्रत्याशी

गुरुवार दोपहर को भाजपा के सभी प्रत्याशियों को पार्टी कार्यालय से एक बस द्वारा अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया था। शुक्रवार को सामने आई तस्वीरों से स्पष्ट हुआ कि भाजपा प्रत्याशियों को गुजरात के सारंगपुर स्थित प्रसिद्ध कष्टभंजन हनुमान मंदिर के दर्शन करवाए गए और उसके बाद एक होटल में ठहराया गया।

रिसोर्ट में कांग्रेस पार्षदों का डेरा

इसके विपरीत, कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी प्रत्याशियों को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के किसी सुरक्षित रिसोर्ट में ठहराया है। चर्चा है कि पार्षदों को कुंभलगढ़ के एक रिसोर्ट में आराम करने का मौका मिला है, जहाँ वे चुनावी गहमागहमी के बीच फुर्सत के पल बिता रहे हैं।

मतगणना के दिन होगी वापसी

रणनीति के तहत इन सभी पार्षदों को सीधे मतगणना के दिन वापस लाया जाएगा। सभापति पद के चुनाव और शपथ ग्रहण प्रक्रिया संपन्न होने तक पार्षदों को सुरक्षित दायरे में रखने की योजना है, ताकि राजनीतिक जोड़तोड़ से बचा जा सके।