
बहराइच के मिहिपुरवा तहसील में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। मोतीपुर पावर हाउस क्षेत्र के परवानी गौढ़ी बाजार में एक अज्ञात वाहन ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी, जिससे वह टूट गया। यह पोल पिछले 13 घंटे से सड़क पर लटका हुआ है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। लेकिन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर जाकर जांच तक नहीं की। पावर हाउस पर तैनात एसएसओ योगेश श्रीवास्तव ने बताया कि जेई साहब के कहने के बाद ही पोल बदला जाएगा। जब जेई से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। पोल टूटने के कारण पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप है। भीषण गर्मी में ग्रामीण और व्यापारी काफी परेशान हैं। बिजली विभाग के इस तरीके को लेकर स्थानीय निवासियों में काफी गुस्सा है। क्षेत्रवासियों ने बड़े अधिकारियों से मामले पर ध्यान देने, लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर एक्शन लेने और जल्द नया पोल लगाने की मांग की है।





































