निचलौल के सोहगीबरवा ग्राम सभा के नौका टोला में शुक्रवार रात सर्पदंश से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। नौका टोला निवासी कपिल मुसहर का बेटा किसन शुक्रवार रात घर के पास लगे नल पर हाथ धोने गया था। इसी दौरान अचानक सांप ने उसे डंस लिया। सर्पदंश के बाद किशोर की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान किसन की मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि सर्पदंश के मामलों में समय पर इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होना बेहद जरूरी है।





































