
बहराइच जिले की मिहींपुरवा तहसील के कतर्नियाघाट जंगल इलाके में स्थित आंबा गांव में सरकारी राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां के कोटेदार पर मनमानी का आरोप लगा है। आंबा की सरकारी राशन दुकान से आंबा और नई ग्राम पंचायत बिछिया के कार्ड धारकों को राशन मिलता है। शनिवार को दर्जनों महिला कार्ड धारकों ने आंबा की सरकारी राशन दुकान पर हंगामा किया। उनका आरोप है कि कोटेदार कई महीनों से मनमानी कर रहा है। लोगों का अंगूठा लगवाकर उन्हें पर्ची दे दी जाती है, लेकिन जब वे राशन लेने जाते हैं तो कोटेदार राशन खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज देता है। बिछिया, आंबा, भवानीपुर, भरथापुर और तेलागौड़ी के कार्डधारक बलविंद्र कौर, मुस्ताक अली, आसिया बानो, रूबी, नूर जहां, गायत्री देवी, आमिर हसन, विपिन, राधिका, हसीबून, समीर, ननकऊ, चंद्रा देवी, रईशा खातून और महेंद्र चौहान ने बताया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वे सभी राशन लेने आंबा कोटेदार के पास पहुंचे थे। इस दौरान कोटेदार ने उनके राशन कार्ड फेंक दिए। लोगों के विरोध करने पर कोटेदार ने पुलिस बुला ली। इसके बाद कुछ लोगों को लाइन लगवाकर राशन दिया गया, जबकि बाकी बचे लोगों को अगले दिन आने को कहकर वापस भेज दिया गया। शनिवार को जब सभी कार्ड धारक दोबारा राशन लेने आंबा पहुंचे, तो उन्हें अंगूठा लगवाकर पर्ची दी गई और अगली बार राशन लेने को कहा गया। इस पर सभी कार्ड धारक राशन लेने की जिद पर अड़ गए। तब कोटेदार राशन खत्म होने की बात कहकर वहां से भाग गया। लोगों का आरोप है कि उनके पास पिछले कई महीनों की पर्चियां हैं, लेकिन उन्हें राशन नहीं मिला है। हर बार सौ से ज्यादा लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा है।





































