UP: रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व सई नदी में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद व सर्विलांस और एसओजी प्रभारी अरविंद यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की इस खौफनाक वारदात से पर्दा उठाया है। पुलिस के अनुसार, रिश्ते में चाचा लगने वाले व्यक्ति ने ही अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक की गमछे से गला कसकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे रघुराज मजरे सराय दामू निवासी शिवम यादव एक दिन पूर्व अपने घर से अचानक लापता हो गया था। बीते छह सितंबर की सुबह सई नदी में उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ बरामद हुआ था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतक के पिता सरोज कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की थी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भदोखर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को जांच में लगाया गया था।
सीओ सिटी आशीष निगम ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पूरे रघुराज निवासी सुभाष और कोरचंदामऊ निवासी उपेंद्र अवस्थी को गिरफ्तार किया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी सुभाष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुभाष रिश्ते में मृतक शिवम का चाचा लगता है। सुभाष को शक था कि शिवम के उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। लोक-लज्जा और सामाजिक बदनामी के डर से उसने शिवम को रास्ते से हटाने की साजिश रची। षड्यंत्र के तहत आरोपी ने शिवम को सई नदी के पास गड़े हुए धन का लालच देकर बुलाया।
ALSO READ: Mirzapur: अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने का आरोप, सपा नेता अवनीश मिश्रा गिरफ्तार
जैसे ही शिवम वहां पहुंचा, सुभाष ने अपने साथी उपेंद्र अवस्थी के साथ मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को अदालत में पेश कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। संयुक्त टीम की इस त्वरित सफलता की सराहना की जा रही है।







































