चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर 24 स्थित न्यू महलमहाल क्षेत्र में सीवर और नाली निर्माण कार्य की धीमी गति से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब 20 से 27 दिनों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। सीवर पाइप बिछाने के बाद कई जगह इंटरलॉकिंग ईंटें तोड़कर छोड़ दी गई हैं, जबकि कई स्थानों पर सड़क खोदने के बाद काम बंद कर दिया गया है।
स्थानीय निवासी पूजा शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण गलियों में जलभराव की स्थिति बन रही है। पानी घरों में घुसने का खतरा बना हुआ है। खुदी सड़कों और टूटी इंटरलॉकिंग के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ लोगों को वाहन खड़ा करने में भी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य में मजदूर नियमित रूप से नहीं आते हैं। कई बार 15 से 20 दिनों तक काम बंद रहने के बाद दो-तीन दिन काम किया जाता है और फिर मजदूर चले जाते हैं। अधूरे और खुले निर्माण के कारण बच्चे और बुजुर्गों के फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है। जगह-जगह गंदगी जमा होने से परेशानी और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कई बार जानवर भी खुदे हुए स्थानों में गिर जाते हैं।
Also Read: इटावा: हिस्ट्रीशीटर अंकित उर्फ फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि ठेकेदार का भुगतान पास करने से पहले संबंधित जेई और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करे। साथ ही स्थानीय लोगों की संतुष्टि और मानकों के अनुरूप कार्य होने के बाद ही भुगतान किया जाए।
महिलाओं का कहना है कि ठेकेदार और संबंधित लोगों से शिकायत करने पर लगातार “कल या परसों काम शुरू हो जाएगा” का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कई दिनों से मौके की स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा टूटी सड़क और इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने की मांग की है।







































