सिद्धार्थनगर के सांसद और जेपीसी अध्यक्ष जगदम्बिका पाल को सांसद रत्न से सम्मानित किए जाने के बाद रविवार को बस्ती पहुंचे। शहर के बड़ेबन के पास करीब 11:50 बजे कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सांसद रत्न सम्मान और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनसे सवाल किए गए। सम्मान पर जगदम्बिका पाल ने कहा कि यह सिर्फ उनका सम्मान नहीं, बल्कि उन लोगों के भरोसे की मान्यता है, जिन्होंने उन्हें सांसद चुनकर संसद भेजा है। बोले- संसद में 100% रही उपस्थिति जगदम्बिका पाल ने कहा कि संसद में उनकी 100 प्रतिशत उपस्थिति रही है। उन्होंने दावा किया कि 2026 की बहस में उन्होंने पूरी संसद में सबसे ज्यादा भाग लिया। इसके लिए उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री का आभार जताया और कहा कि उन्हें संसद में अपनी बात रखने का अवसर मिला।
शौकत अली के थर्ड फ्रंट पर बोले- चुनाव में अभी 3 महीने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की ओर से थर्ड फ्रंट बनाकर चुनाव लड़ने की घोषणा पर जगदम्बिका पाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव शुरू होने में अभी करीब तीन महीने बाकी हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी हमला बोला और कहा कि वे ट्वीट करने के अलावा रोजाना किसी न किसी जिले के दौरे पर नहीं हैं। बोले- योगी लगातार जिलों का दौरा कर रहे जगदम्बिका पाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर्रैया और धनघटा आ चुके हैं और बांसी का भी दौरा कर चुके हैं। पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल 2027 के विधानसभा चुनाव की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि लगातार जिलों में जाकर विकास योजनाओं की सौगात दे रहे हैं। उनके मुताबिक, कई जिलों में 400 से 500 करोड़ रुपए तक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है।








































