
बहराइच के पयागपुर में स्थित पांडव कालीन बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर में दो दिवसीय कजरी तीज मेला लगेगा। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी राजेश पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर का दौरा किया। अधिकारियों ने प्रवेश द्वार, मंदिर परिसर और आने-जाने वाले रास्तों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पयागपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएं। ये महिला सिपाही कांवरिया के वेश में श्रद्धालुओं के बीच रहेंगी। वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी, जिससे चेन स्नैचिंग, छेड़छाड़ या अभद्रता जैसी घटनाओं को रोका जा सके। जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं, ताकि मेले के दौरान कोई दिक्कत न हो। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र के मुख्य रास्तों और आने-जाने की जगहों पर वीडियो कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम बनाने को भी कहा गया। कंट्रोल रूम से सभी कैमरों पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे भीड़, ट्रैफिक और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत ध्यान दिया जा सके। डीएम और एसपी ने प्रवेश द्वार और विकास मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेला ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी शिवसेवकों के पहचान पत्र बनवाए जाएं और उन्हें अलग-अलग जगहों पर तैनात किया जाए। श्रद्धालुओं के लिए इमरजेंसी मेडिकल सेवाएं और एंबुलेंस भी तैनात की जाएंगी। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम पयागपुर संजय पांडेय, तहसीलदार अंबिका चौधरी, सीओ हर्षित तिवारी, थाना प्रभारी दीपक सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ, चिकित्सा विभाग से डॉ. शरद भारती, बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश हलदार समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।








































