
बहराइच में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के अभियान में रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 51 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे कोर्ट भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की टीम मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पिलर संख्या 651/2 के पास एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 51 ग्राम स्मैक मिली। आरोपी की पहचान चांद बाबू के रूप में हुई पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान 24 वर्षीय चांद बाबू पुत्र इकबाल निवासी चितवन मोहल्ला, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर रुपईडीहा थाने में मुकदमा संख्या 238/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया। स्मैक के साथ बाइक, मोबाइल और नकदी भी मिली पुलिस के अनुसार, चांद बाबू के पास से स्मैक के अलावा टीवीएस अपाचे बाइक (UP40BQ2541), वीवो मोबाइल फोन और 250 रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े लोगों और इसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे, पुलिस ने बताया आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया कि चांद बाबू के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के दो केस के अलावा चोरी, चोरी का माल रखने और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के मुकदमे रुपईडीहा और दरगाह शरीफ थानों में दर्ज बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में रुपईडीहा पुलिस के साथ एसएसबी के जवान और डॉग स्क्वायड भी शामिल रहा।


























