महराजगंज जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर दिख रहा है। कभी धूप, कभी बारिश और उमस के कारण मौसमी बीमारियां बढ़ गई हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। अस्पतालों में बुखार, उल्टी-दस्त और डायरिया की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। बच्चों में वायरल बुखार के साथ पेट संबंधी समस्याएं भी देखी जा रही हैं। वहीं, बुजुर्गों को कमजोरी, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियां हो रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में खानपान और साफ-सफाई पर खास ध्यान देना जरूरी है। डॉक्टरों ने लोगों को बासी भोजन से बचने और ताजा व हल्का भोजन करने की सलाह दी है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में गर्म या गुनगुना पानी पीने और बाहर के खाने से परहेज करने को कहा गया है। बच्चों और बुजुर्गों को मौसम के हिसाब से कपड़े पहनाने के साथ ही साफ पानी पीने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। मरीजों की जांच के बाद डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर जरूरी इलाज दिया जा रहा है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बुखार, लगातार उल्टी-दस्त या डायरिया होने पर लापरवाही न करें। समय पर डॉक्टर की सलाह लेने से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।


























