बीरगंज बाजार और आसपास के दर्जनों गांवों के लोग लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही से परेशान हैं। मुख्य मार्ग पर कई फीट तक गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। सड़क तालाब जैसी बन गई है और क्षेत्रीय जनता में भारी गुस्सा है। बीरगंज बाजार के उत्तर में पुलिया से लेकर सना हॉस्पिटल, एबी पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल और टीवीएस एजेंसी के बीच मुख्य सड़क पर कमर तक गंदा पानी जमा है। इस जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है। इस मुख्य मार्ग से होकर आधा दर्जन प्राथमिक, माध्यमिक और इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं रोज स्कूल जाते हैं। एबी पब्लिक स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को बदबूदार और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। आए दिन पानी में फिसलने से बच्चों की ड्रेस और बैग खराब हो जाते हैं। परिजनों को हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन जल्द जल निकासी का इंतजाम करवा दे, तो लोगों को कीचड़ और पानी भरने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। उन्होंने कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बीरगंज बाजार के व्यापारियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) से लेकर तहसील दिवस तक दर्जनों बार शिकायतें दी हैं। लगातार शिकायतों के बाद 2 सितंबर 2026 को पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत विभाग की एक टीम ने मौके पर जाकर जांच की थी। अधिकारियों ने नाली सफाई और जल निकासी का पक्का आश्वासन दिया था। हालांकि, 6 दिन बीत जाने के बाद भी हालात वैसे ही बने हुए हैं। ऐसा लगता है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारी कभी दिखते ही नहीं। जब जमुनहा ब्लॉक के मुख्य बाजार बीरगंज का यह हाल है, तो अंदरूनी ग्रामीण इलाकों की स्थिति का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इस जलभराव के कारण ब्लॉक मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क भी प्रभावित हो रहा है।
बीरगंज बाजार में जलभराव से जन्मोत्सव पर असर:श्रद्धालुओं को परेशानी, PWD...
श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र में बीरगंज बाजार स्थित मां काली माता मंदिर के सामने सड़क पर जलभराव की समस्या ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को...





































