महाराजगंज के पनियरा विकासखंड में ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) अमिय कुमार शशि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रधानों ने BDO पर विकास कार्यों की फाइलें बिना कमीशन आगे नहीं बढ़ाने, कमीशन मांगने और प्रधानों के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को प्रधानों ने बैठक कर BDO को निलंबित करने की मांग की। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि BDO के रवैये को लेकर ग्राम प्रधानों में नाराजगी है। गुरुवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें BDO को निलंबित करने की मांग की जाएगी। प्रधानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। बुधवार को ब्लॉक परिसर में हुआ था हंगामा इससे एक दिन पहले बुधवार को पनियरा ब्लॉक परिसर में भी हंगामा हुआ था। प्रधान संघ अध्यक्ष सतीश सिंह के नेतृत्व में ग्राम प्रधान BDO के कार्यालय पहुंचे और विरोध जताया था। प्रधानों का आरोप था कि विकास कार्यों से जुड़ी फाइलें बिना कमीशन के आगे नहीं बढ़ाई जाती हैं। उन्होंने BDO पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। विरोध के दौरान प्रधानों ने BDO को कुछ समय के लिए उनके कार्यालय में ही बंद कर दिया था। प्रधानों का कहना था कि जब तक जिले से कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक उन्हें बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। हालांकि, कुछ देर बाद BDO कार्यालय से बाहर निकल गए। सूचना पर पनियरा पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। BDO बोले- सभी आरोप गलत वहीं, BDO अमिय कुमार शशि ने प्रधानों के लगाए आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। अब प्रधानों की ओर से DM को ज्ञापन देने की तैयारी है। प्रशासनिक जांच या कार्रवाई के बाद ही लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
UP: बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग ने लगाए चिकित्सा शिविर,...
गोण्डा: जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पशुपालन विभाग द्वारा अभियान चलाया...



































