BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ट्रेंडिंग UP: अमेठी में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गृह मंत्री का पुतला...

UP: अमेठी में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गृह मंत्री का पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से नोकझोंक

0
4

UP: अमेठी के गौरीगंज में गुरुवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट की ओर गृह मंत्री का पुतला फूंकने के लिए रवाना हुए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया तो जामो तिराहे के पास पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान हाथापाई की नौबत भी आ गई।

प्रदर्शन को देखते हुए गौरीगंज और मुंशीगंज थाने की पुलिस पहले से तैनात थी। विवाद बढ़ने पर जामो थाने से भी पुलिस बल बुलाया गया। सीओ मनोज मिश्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कांग्रेसी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने पर अड़े रहे।

Also Read: मथुरा: राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रचार अभियान तेज, चार प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण को लेकर नाराजगी है। कार्यकर्ता इसी के विरोध में गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकने और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

कांग्रेसियों के कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसको लेकर कई स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस पुतला फूंकने से रोक रही थी, जबकि कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े थे।यूथ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है।

Also Read: हाथरस में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया। फिलहाल मौके पर तीन थानों की फोर्स तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)