BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश हर्रैया में खाटू श्याम बाबा का तीसरा वार्षिक कीर्तन:निशान यात्रा और कीर्तन...

हर्रैया में खाटू श्याम बाबा का तीसरा वार्षिक कीर्तन:निशान यात्रा और कीर्तन में उमड़ी भक्तों की भीड़, देर रात तक चला कार्यक्रम

0
0

बस्ती जिले के हर्रैया नगर के वार्ड नंबर 12 गांधीनगर (पूर्वांचल ग्रामीण बैंक के पीछे) में श्री खाटू श्याम बाबा का तीसरा वार्षिक निशान यात्रा, कीर्तन और भंडारा समारोह संपन्न हुआ। शनिवार रात हुए इस कार्यक्रम में खाटू नरेश के जयकारों से पूरा माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत 11 सितंबर (शुक्रवार) को दोपहर 12 बजे निशान यात्रा और कलश यात्रा के साथ हुई। सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालु हाथों में श्याम बाबा का निशान (ध्वज) लेकर गाजे-बाजे के साथ चल रहे थे। फूलों से सजे रथ पर बाबा श्याम की झांकी खास रही। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया गया। 12 सितंबर (शनिवार) शाम 6 बजे से कीर्तन का आयोजन हुआ। फूलों और लाइटों से सजे दरबार में फतेहपुर से ज्ञानेंद्र सोनी, सीतापुर से राजीव शर्मा, कुमार आदर्श, कानपुर से मानसी त्रिवेदी और दीपाली तिवारी जैसे भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। उन्होंने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। “हरे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। यह कार्यक्रम देर रात 1 बजे तक चला। समारोह में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सभासद धर्मध्वज सिंह और धर्मेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन अमित केसरवानी, अमर केसरवानी और ‘करने वाला श्याम कराने वाला श्याम’ आयोजक परिवार के सदस्यों ने किया। कीर्तन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में पूरे हर्रैया क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।