BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश आंबा में राशन नहीं मिलने पर महिलाओं का हंगामा:कार्डधारकों को बार-बार लौटाया,...

आंबा में राशन नहीं मिलने पर महिलाओं का हंगामा:कार्डधारकों को बार-बार लौटाया, बिछिया के लिए अलग कोटेदार की मांग

0
3


बहराइच जिले की मिहींपुरवा तहसील के आंबा गांव में सरकारी राशन को लेकर कोटेदार की मनमानी सामने आई है। आंबा स्थित सरकारी राशन की दुकान से आंबा समेत नई ग्राम पंचायत बिछिया के कार्डधारकों को भी राशन मिलता है। दर्जनों कार्डधारक महिलाओं ने आंबा की सरकारी राशन की दुकान पर जमकर हंगामा किया। कार्डधारकों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से कोटेदार मनमानी कर रहा है। वह लोगों का अंगूठा लगवाकर उन्हें पर्ची देता है, लेकिन जब कार्डधारक राशन लेने पहुंचते हैं, तो राशन खत्म होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया जाता है। बिछिया, आंबा, भवानीपुर और भरथापुर के कार्डधारक बलविंद्र कौर, मुस्ताक अली, आसिया बानो, रूबी, नूरजहां, गायत्री देवी, आमिर हसन, विपिन, हसीबून, समीर, ननकऊ, चंद्रा देवी और महेंद्र चौहान ने बताया कि वे सभी शुक्रवार को राशन लेने आंबा के कोटेदार के पास पहुंचे थे। इस पर कोटेदार ने सभी के राशनकार्ड फेंक दिए। लोगों के विरोध करने पर उसने पुलिस बुला ली। इसके बाद लाइन लगाकर कुछ लोगों को राशन दिया गया, जबकि बाकी बचे लोगों को अगले दिन आने को कहकर लौटा दिया गया। जब सभी दोबारा राशन लेने आंबा पहुंचे, तो उन्हें अंगूठा लगवाकर पर्ची दी और अगली बार राशन लेने को कहा। इस पर सभी कार्डधारक भड़क गए और राशन लेने की जिद करने लगे। कोटेदार राशन खत्म होने की बात कहकर वहां से भाग गया। लोगों ने बताया कि वे जंगल के रास्ते 5 से 10 किलोमीटर दूर आंबा राशन की दुकान पर पैदल, साइकिल और रिक्शे से पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें कई चक्कर लगाने पड़ते हैं और काफी कठिनाइयों के बाद भी उन्हें मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ता है। लोगों ने यह भी बताया कि वे पड़ोस के गांव विशुनापुर और फकीरपुरी राशन लेने जाते हैं, तो वहां भी उन्हें राशन देने से मना कर दिया जाता है। बिछिया के लोगों ने हाथ उठाकर प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों से मांग की है कि उनकी ग्राम पंचायत बिछिया में अलग कोटेदार का चयन किया जाए, जिससे लोगों को दूर जोखिम उठाकर राशन लेने न जाना पड़े। कोटेदार जमील अहमद से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि ये सब कुछ राजनीतिक लोगों के कहने से आरोप लगा रहे हैं ऐसी कोई बात नहीं है सभी पात्र लोगों को समय से राशन दिया जा रहा है