BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश तेंदुए ने 12 साल के बच्चे पर किया हमला:ललतूपुरवा में बच्चा गंभीर...

तेंदुए ने 12 साल के बच्चे पर किया हमला:ललतूपुरवा में बच्चा गंभीर घायल, महिला पर हमले की वन विभाग ने नहीं की पुष्टि

0
2


बहराइच के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के आसपास तेंदुओं की सक्रियता से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। शुक्रवार रात ककरहा और मोतीपुर रेंज के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए के हमले की दो घटनाएं सामने आईं। इनमें ककरहा रेंज में एक 12 साल का बच्चा घायल हो गया। वहीं, मोतीपुर रेंज में एक महिला पर तेंदुए के झपटने की बात कही गई, लेकिन वन विभाग ने इसकी पुष्टि नहीं की है। ककरहा रेंज के मंझरा क्षेत्र के ललतूपुरवा में रहने वाले बरसाती का 12 साल का बेटा राजू शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे अपने परिवार के साथ घर के सामने बैठा था। तभी अचानक एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने राजू के सिर पर वार किया। अचानक हुए इस हमले से परिवार के लोग चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ बच्चे को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। इस हमले में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे तुरंत सीएचसी मोतीपुर ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई। दूसरी घटना मोतीपुर रेंज के पृथ्वीपुरवा झाला गांव की है। गांव की रामावती, जो रमाकांत की पत्नी हैं, शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने भाई के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रही थीं। गांव के बाहर पहुंचने पर महिला ने बताया कि एक तेंदुए ने उन पर झपट्टा मारा, जिससे उन्हें खरोंच आ गई। परिवार के लोग उन्हें सीएचसी मोतीपुर ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सीएचसी मोतीपुर पहुंची। उन्होंने दोनों घायलों से घटना के बारे में जानकारी ली। वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधान रहने और रात में अकेले घर से बाहर न निकलने को कहा है। कतर्नियाघाट के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि मंझरा के ललतूपुरवा में राजू पर तेंदुए के हमले की जांच में पुष्टि हो गई है। वहीं, पृथ्वीपुरवा झाला में महिला पर तेंदुए के हमले की पुष्टि नहीं हुई। जांच के दौरान मौके पर तेंदुए के पैरों के निशान भी नहीं मिले, इसलिए महिला पर तेंदुए के हमले की पुष्टि नहीं की जा सकी।