UP: जौनपुर में एक युवक की जिद ने पूरे गांव की सांसें रोक दीं… बुधवार को एक युवक बिजली के खंभे पर जा चढ़ा और घंटों नीचे उतरने से इनकार करता रहा। मामला करीब 5 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा। आखिरकार अधिकारियों की मौजूदगी में 5 लाख रुपये का चेक मिलने के बाद युवक पोल से नीचे उतरा और तब जाकर गांव वालों के साथ पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मामला मछलीशहर क्षेत्र के खजुरहट गांव का है। बताया जा रहा है कि बुधवार को एक युवक पैसे के लेन-देन को लेकर नाराज होकर बिजली के पोल पर चढ़ गया। युवक को खंभे पर बैठा देख गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पूरी होने तक नीचे आने को तैयार नहीं था।
कई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच अधिकारियों ने बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आखिरकार करीब 5 लाख रुपये का चेक मिलने के बाद युवक बिजली के पोल से नीचे उतर आया।युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद पुलिस-प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि 5 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद की असल वजह क्या थी।







































