
छावनी थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक अंतरजनपदीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल मिली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बस्ती, अयोध्या और गोंडा जिले के अलग-अलग थानों में 12 मामले दर्ज हैं। छावनी के प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम 3 सितंबर को इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान करीब 12:40 बजे ग्राम नारापार पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान शिवम सिंह उर्फ आर्यन सिंह के तौर पर हुई। वह बस्ती जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र के सिरसहवा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल (नंबर UP51BU8999) भी बरामद की। इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर छावनी थाने में मुकदमा नंबर 182/2026 के तहत आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शिवम सिंह उर्फ आर्यन सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ साल 2019 से 2025 के बीच छावनी, परसरामपुर, छपिया, कोतवाली बीकापुर और इनायतनगर थानों में कुल 12 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल और मारपीट जैसी धाराएं शामिल हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राम कुमार पासवान, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, राजीव रंजन सिंह, शिल्लू जायसवाल, चंद्रप्रकाश मिश्र और वीरेंद्र कुमार शामिल थे।
Home उत्तर प्रदेश अंतरजनपदीय शातिर अपराधी अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार:बस्ती, अयोध्या और...































