
बस्ती में गुरुवार शाम करीब 7 बजे 55 साल के व्यापारी रामबहाल यादव की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उनके सिर के दाहिने हिस्से में लगी थी। परिजन उन्हें तुरंत हर्रैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ स्वर्णिमा सिंह, हर्रैया थानाध्यक्ष संजय कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। टीम ने मौके से मिले साक्ष्यों को जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामला के छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव का है। खुदकुशी की आशंका, पुलिस कर रही जांच शुरुआती जांच में व्यापारी द्वारा खुद को गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना की वजह क्या थी। रामबहाल गांव में तेल चक्की की दुकान चलाते थे। उन्होंने कुछ दुकानें किराए पर भी दे रखी थीं। उनकी मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की सही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। हर्रैया थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देख रही है।































