
समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुमैया राणा को फोन और इमो कॉल पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें उतरौला छोड़ने के लिए भी कहा गया है। बुधवार को सुमैया राणा ने उतरौला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुमैया राणा ने पुलिस को बताया कि पिछले एक हफ्ते से उनके मोबाइल नंबर पर अलग-अलग नंबरों और इमो आईडी से लगातार कॉल आ रही हैं। आरोप है कि कॉल करने वाले उन्हें गालियां दे रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वे उन्हें उतरौला छोड़कर जाने को भी कह रहे हैं। शिकायत में 26 अगस्त और 31 अगस्त को विदेशी नंबरों से भी कई बार कॉल आने का जिक्र है। उन्होंने यह भी बताया कि 25 अगस्त और 31 अगस्त को उनके इमो अकाउंट पर भी लगातार कॉल की गईं। बार-बार धमकी भरे फोन आने से वह और उनका परिवार डरा हुआ है। इस मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि सुमैया राणा की शिकायत मिली है। संबंधित मोबाइल नंबरों और इमो आईडी की जांच की जा रही है। जांच के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।































