
श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। इकौना-धनुही मार्ग पर बनकटा के पास एक बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बनकटा निवासी मंसाराम (45) पुत्र पतिराम नहर की ओर से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। वहीं, इकौना थाना क्षेत्र के रिहारन पुरवा भलुहिया दसौंधी निवासी रमेश गौतम पुत्र श्रीराम छत्तर बाइक से इकौना से अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बनकटा के पास पहुंचते ही बाइक और साइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। मंसाराम की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बुधवार रात उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहीं, घायल रमेश गौतम को जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया।




















































