
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। इस पर मंडी कम्प्यूटर ऑपरेटर एसोसिएशन के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि यह कदम लाखों आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। चौधरी ने बताया कि इससे निजी एजेंसियों द्वारा कर्मचारियों के आर्थिक और मानसिक शोषण पर रोक लगेगी। आउटसोर्सिंग व्यवस्था में मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को काम करने के लिए अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुकूल माहौल मिलेगा। कर्मचारियों को बिना किसी देरी के हर महीने उनका वेतन और मानदेय सीधे प्राप्त होगा। चौधरी ने यह भी बताया कि कर्मचारियों की शिकायतों को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के लिए एक जवाबदेह सिस्टम काम करेगा। सरकार ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में भी वृद्धि की है, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा मजबूत होगी। अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि यह आभार संदेश प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की खुशी और सरकार के प्रति उनके भरोसे को प्रकट करता है। इस मौके पर चंद्रशेन प्रताप सिंह, सुबोध यादव, वीरेंद्र यादव, आलोक सिंह, सुनील यादव, सरोज कुमार, धर्मेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, नितिन, विक्की, संतोष कुमार, निखिलेश और माही प्रकाश चौधरी सहित कई मंडी कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद थे। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी।































