BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश नेपाल में बाढ़ से काठमांडू-पोखरा मार्ग पर सन्नाटा:सड़कें और पुल टूटने से...

नेपाल में बाढ़ से काठमांडू-पोखरा मार्ग पर सन्नाटा:सड़कें और पुल टूटने से पर्यटन कारोबार पर असर, सोनौली सीमा से आवाजाही ठप

0
8

नेपाल में आई बाढ़ और सड़कों-पुलों को हुए नुकसान के बाद पर्यटन कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। सोनौली सीमा से काठमांडू और पोखरा जैसे बड़े पर्यटन स्थलों पर जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या लगभग खत्म हो गई है। जो सीमा पहले पर्यटक बसों और निजी गाड़ियों से भरी रहती थी, वह अब खाली दिख रही है। पर्यटक नेपाल में दाखिल तो हो रहे हैं, लेकिन उनकी यात्रा भैरहवा, बुटवल और लुंबिनी तक ही सिमटकर रह गई है। नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ से कई मुख्य सड़कों पर आवाजाही पर असर पड़ा है। जगह-जगह सड़कें टूटने और पुलों को नुकसान पहुंचने की खबरों के बाद पर्यटक लंबी दूरी की यात्रा से बच रहे हैं। खासकर काठमांडू और पोखरा जाने वाले रास्तों को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। इस वजह से कई पर्यटकों ने अपने पहले से तय नेपाल घूमने के कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं या आगे बढ़ा दिए हैं। सामान्य दिनों में सोनौली सीमा से रोजाना औसतन 15 से 20 पर्यटक बसें नेपाल के अलग-अलग शहरों के लिए जाती थीं। इसके साथ ही 45 से 50 निजी पर्यटक गाड़ियां भी सीमा पार करती थीं। लेकिन बाढ़ के बाद हालात पूरी तरह बदल गए हैं। काठमांडू और पोखरा की तरफ जाने वाली पर्यटक बसों और निजी गाड़ियों की आवाजाही लगभग रुक गई है। अब बहुत कम पर्यटक सिर्फ लुंबिनी घूमने जा रहे हैं, जबकि कुछ गाड़ियां भैरहवा और बुटवल तक ही पहुंच रही हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े दुर्गा पांडेय, अमित गुप्ता और सीपी श्रेष्ठ का कहना है कि नेपाल में बाढ़ की तबाही की लगातार आ रही खबरों और सड़कों की खराब हालत की वजह से पर्यटक यात्रा का खतरा नहीं उठाना चाहते। परिवार के साथ नेपाल घूमने का प्लान बनाने वाले लोग भी अभी इंतजार कर रहे हैं। इसका सीधा असर सोनौली सीमा पर पर्यटन से जुड़े कारोबार पर दिख रहा है। ट्रैवल एजेंसियों, होटल मालिकों, गाड़ी चलाने वालों और गाइडों को सबसे ज्यादा चिंता है, क्योंकि उनकी कमाई भारतीय पर्यटकों के नेपाल आने पर निर्भर करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here