बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब युवक बाइक से किसी काम के लिए बस्ती जा रहा था। जानकारी के अनुसार, महरीपुर में सड़क पर अचानक एक अज्ञात महिला सामने आ गई। महिला को बचाने के प्रयास में बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में घायल युवक की पहचान भरवलिया निवासी कृष्ण मोहन यादव, पुत्र रामजखन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। कुछ ही देर में एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायल कृष्ण मोहन यादव को एंबुलेंस से इलाज के लिए बस्ती के जिला अस्पताल भेजा गया।






































