श्रावस्ती । : गिलौला थाना क्षेत्र के सगरा तालाब स्थित प्रसिद्ध समय माता मंदिर एक बार फिर कौमी एकता और अटूट आस्था का केंद्र बना है। वर्षों के लंबे इंतजार और सामाजिक तानों से जूझ रहे नौव्वन पुरवा (कोट मुबारकपुर) निवासी हाउसिल पुत्र बुधई (मुस्लिम समुदाय) के घर जब संतान के रूप में वारिस की किलकारी गूंजी, तो उन्होंने अपनी मन्नत पूरी होने पर माता के दरबार में अखंड रामायण पाठ का आयोजन कराया।
सालों के इंतजार के बाद पूरी हुई मनोकामना
हाउसिल और उनकी पत्नी शादी के कई साल बीत जाने के बाद भी संतान सुख से वंचित थे, जिसको लेकर परिवार काफी चिंतित रहता था। स्थानीय लोगों से सगरा तालाब स्थित समय माता मंदिर की महिमा सुनकर हाउसिल ने मंदिर पहुंचकर माता रानी के समक्ष माथा टेका और संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी। हाउसिल का विश्वास था कि माता के द्वार से कोई खाली हाथ नहीं लौटता।
धूमधाम से हुआ अखंड रामायण और भंडारा
माता रानी की कृपा से मनोकामना पूरी होने और घर में संतान का जन्म होने की खुशी में हाउसिल ने अपनी मानी हुई मन्नत निभाई। उन्होंने समय माता मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ अखंड रामायण पाठ बैठाया। पाठ के समापन पर हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक सीमाओं से परे जाकर आस्था और भक्ति के इस आयोजन की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।





































