बस्ती के महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नए सत्र के लिए एमबीबीएस की सभी 100 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीटों को ऑल इंडिया और यूपी नीट कोटे में बांटा गया है। ऑल इंडिया कोटे की 15 सीटों में से पहले राउंड में सात छात्रों ने दाखिला ले लिया है। वहीं, यूपी नीट कोटे की 85 सीटों के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग शुरू होने के बाद पहले दिन एक छात्र ने दाखिला लिया। जबकि 21 छात्रों ने कॉलेज पहुंचकर रिपोर्टिंग कराई। इससे मेडिकल कॉलेज में नए एमबीबीएस बैच के दाखिले को लेकर हलचल तेज हो गई है। सीटें मिलने के बाद छात्र अपने परिवार के साथ कॉलेज पहुंच रहे हैं। रिपोर्टिंग के समय दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नीट से जुड़े सर्टिफिकेट, पढ़ाई के दस्तावेज, मेडिकल चेकअप और दूसरे जरूरी कागजात की जांच के बाद योग्य छात्रों को दाखिला दिया जा रहा है। पहले दिन सुबह से ही कॉलेज में छात्रों और उनके परिवार के सदस्यों का आना-जाना लगा रहा। मेडिकल कॉलेज के काउंसलर डॉ. श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि यूपी नीट कोटे की 85 सीटों के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग शुरू हो गई है। पहले दिन 21 छात्रों ने रिपोर्टिंग की और एक छात्र का दाखिला पूरा हो गया है। यूपी नीट का पहला राउंड 14 सितंबर तक चलेगा। उम्मीद है कि रिपोर्टिंग और दाखिले की संख्या बढ़ेगी। ऑल इंडिया कोटे से पहले राउंड में सात छात्रों के दाखिले के बाद अब यूपी नीट कोटे की सीटों पर भी दाखिले शुरू हो गए हैं। कुल 100 सीटों पर दाखिले पूरे होने के साथ ही मेडिकल कॉलेज में नए एमबीबीएस बैच की तस्वीर जल्द साफ हो जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने काउंसलिंग और दस्तावेज जांच के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं, ताकि छात्रों को दाखिले के समय कोई दिक्कत न हो।






































