श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में राप्ती नदी की तेज कटान से सिसवारा-गौहनिया-मधनगर अप्रोच मार्ग पर मंडरा रहा खतरा टल गया है। नदी की धारा सड़क के बहुत करीब पहुंच गई थी। इसके बाद सेतु निगम ने सैकड़ों मजदूरों को बचाव कार्य में लगाया। बृहस्पतिवार को 11 बजे जानकारी मिली की मिट्टी और बालू से भरी बोरियां डालकर कटान को रोका गया, जिससे अप्रोच मार्ग सुरक्षित हो गया है। पिछले तीन-चार दिनों में नदी करीब 20 मीटर तक सड़क की ओर बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा विधायक पंडित रामफेरन पांडेय ने मौके का दौरा किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से फोन पर बात की और तत्काल कार्रवाई के साथ स्थायी समाधान की मांग की। विधायक ने कहा कि अस्थायी इंतजाम से कटान रोकने में सफलता मिली है, लेकिन स्थायी सुरक्षा के लिए तटबंध जरूरी है। इससे पहले डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने भी मौके का दौरा किया था। उन्होंने सड़क और पुल को कटान से बचाने के निर्देश दिए थे। डीएम ने बताया कि सेतु निगम लगातार काम कर रहा है और बाढ़ खंड को भी सहयोग के लिए कहा गया है। उन्होंने विश्वास जताया था कि अप्रोच मार्ग को सुरक्षित बचा लिया जाएगा। फिलहाल सेतु निगम की टीम पुल और अप्रोच मार्ग की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी कर रही है। नदी के जलस्तर और धारा के हर बदलाव पर नजर रखी जा रही है। इसका मकसद यह है कि अगर दोबारा कटान शुरू हो, तो तुरंत बचाव कार्य किया जा सके।






































