
बहराइच के मिहिपुरवा तहसील की ग्राम पंचायत गौड़ारिया में मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। खराब सफाई व्यवस्था के कारण सड़क तालाब में बदल गई है। इससे राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। गांव में नालियों की नियमित सफाई नहीं होती और पानी निकासी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से मुख्य मार्ग पर घुटनों तक गंदा पानी भर गया है। लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। गंदे पानी से बदबू आ रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीण सालिकराम यादव, रमेश चंद्र, अंकुर, दीपक, राजेश कुमार, अयोध्या प्रसाद, सुनील कुमार और हरिशंकर निषाद ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या के बारे में बताया है। लेकिन, किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। इस अनदेखी से ग्रामीणों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द इस समस्या को दूर करने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।






































