BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश यशवंत हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार:बस्ती में शव बाइक पर लादकर नहर...

यशवंत हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार:बस्ती में शव बाइक पर लादकर नहर किनारे फेंका, प्रेम-संबंध में युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप

0
2

बस्ती में धमौरा के पास सड़क किनारे मिले 26 वर्षीय यशवंत कुमार के शव के मामले का पुलिस ने शनिवार शाम करीब 4 बजे खुलासा किया। वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हर्रैया के पनेराभारी निवासी रामललित चौधरी (29) और कप्तानगंज के कौड़ीकोल निवासी सोना देवी (55) शामिल हैं। दोनों को 12 सितंबर की सुबह करीब 10:20 बजे अमहट से हाईवे जाने वाले मोड़ के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। मामला वाल्टरगंज थाना क्षेत्र का है। युवती को परेशान करने का आरोप, फिर हत्या की साजिश पुलिस पूछताछ में रामललित ने बताया कि वह सोना देवी की बेटी रीमा से प्रेम करता था और इसी वजह से उसके घर आता-जाता था। 8 सितंबर को वह सोना देवी के घर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, वहां सोना देवी ने उसे बताया कि यशवंत को भी फोन करके बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार, सोना देवी ने आरोप लगाया कि यशवंत उसकी बहन की बेटी गुड़िया को परेशान करता था। आरोप है कि यशवंत ने गुड़िया को शराब पिलाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे और इन्हें दिखाकर उसके साथ जबरन संबंध बनाता था। पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से गुड़िया की शादी में भी परेशानी आ रही थी। गन्ने के खेत के पास ले जाकर गला दबाने का आरोप पुलिस के मुताबिक, यशवंत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। रात करीब 9 बजे गुड़िया और शीला यशवंत को घर से करीब 300 मीटर दूर गन्ने के खेत के पास ले गईं। उनके पीछे रामललित, सोना देवी और रीमा भी वहां पहुंच गए। पुलिस का दावा है कि रीमा ने पीछे से यशवंत का कॉलर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद सोना देवी, गुड़िया, शीला और रीमा उसके ऊपर बैठ गईं, ताकि वह भाग न सके। आरोप है कि रामललित और रीमा ने यशवंत का गला दबाया, जबकि सोना देवी, गुड़िया और शीला उसके सीने पर चढ़कर पैरों से दबाती रहीं। कुछ देर बाद यशवंत की मौत हो गई। बाइक पर शव लादकर नहर किनारे छोड़ा पुलिस के मुताबिक, यशवंत की मौत के बाद रामललित और रीमा ने शव को उसकी बाइक के बीच में लाद दिया। रामललित बाइक चलाकर शव को गौरा से आगे धमौरा गांव से पहले नहर के पास सड़क किनारे छोड़ आया। इसके बाद दोनों कप्तानगंज होते हुए कौड़ीकोल पहुंचे। वहां यशवंत की बाइक और रीमा को छोड़कर रामललित अपनी बाइक से घर चला गया। लखनऊ जाने की तैयारी में थे सीओ सदर मानसी दहिया के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय रामललित और सोना देवी अमहट हाईवे मोड़ पर खड़े थे और लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, सोना देवी को बस से लखनऊ भेजने और रामललित को अपनी बाइक से घर जाने की योजना थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल, मृतक का पासपोर्ट, एसबीआई पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 2,070 रुपये नकद और सफेद रंग की पैशन प्रो बाइक बरामद करने का दावा किया है। यशवंत के भाई हेमंत कुमार की तहरीर पर 11 सितंबर को वाल्टरगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।