
बहराइच के पयागपुर में 14 सितंबर से शुरू होने वाले सात दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रविवार को भगवान गणेश की प्रतिमा पयागपुर पहुंची, जिसका श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयघोष के साथ स्वागत किया। लोगों ने पुष्प अर्पित कर भगवान गणेश का अभिनंदन किया और महोत्सव की सफलता की कामना की। आयोजन समिति पंडाल की सजावट, बिजली व्यवस्था, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में लगे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। समिति के सदस्य मनोज सोनी ने बताया कि 14 सितंबर को सुबह 10 बजे प्रसिद्ध संत मोनी दास जी महाराज गणेश पूजन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद संत मोनी दास जी महाराज प्रतिमा की आंखों से पट्टी हटाने की परंपरा निभाएंगे और विधि-विधान से प्रतिमा स्थापित की जाएगी। महोत्सव के दौरान एक सप्ताह तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। लखनऊ और बरेली की प्रसिद्ध झांकी समितियां हर शाम आकर्षक झांकियां दिखाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होंगी। बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए कई प्रतियोगिताएं भी होंगी। भजन, आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहेगा। महोत्सव का समापन 21 सितंबर को होगा, जबकि 20 सितंबर को भव्य महाआरती की जाएगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल सोनी, महामंत्री हरेंद्र प्रताप सिंह, हवलदार यादव, आनंद शुक्ला, मुकेश अग्रवाल, श्यामू महेश्वरी और आलोक शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।







































