BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश महराजगंज में रात होते ही गुल हो रही बिजली:चेहरी-खुटहा फीडर के गांवों...

महराजगंज में रात होते ही गुल हो रही बिजली:चेहरी-खुटहा फीडर के गांवों में 15 दिन से अघोषित कटौती, उमस में मोमबत्ती के सहारे रात

0
2

महराजगंज में रम्हौली पावर स्टेशन से जुड़े चेहरी और खुटहा फीडर के ग्रामीण इलाकों में पिछले पखवाड़े भर से रात के समय अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर बिजली सप्लाई मिलने के बाद रात होते ही अचानक बिजली गुल हो जाती है। उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली नहीं आने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। हालात यह हैं कि कई घरों में खाना बनाने से लेकर भोजन करने तक के लिए मोमबत्ती और मोबाइल की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा है। रात की कटौती से उमस में बेहाल हो रहे ग्रामीण ग्रामीणों के मुताबिक सुबह से देर शाम तक बिजली की सप्लाई सामान्य रहती है, लेकिन रात में अचानक बिजली बंद कर दी जाती है। कई बार लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोगों को गर्मी और उमस के बीच रात गुजारनी पड़ती है। पंखे और कूलर बंद होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोमबत्ती की रोशनी में खाना बनाने की मजबूरी रात में बिजली कटने का असर रोजमर्रा के कामकाज पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली गुल होने के बाद घरों में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में खाना बनाने के लिए मोमबत्ती जलानी पड़ती है। भोजन करने के दौरान भी लोग मोमबत्ती या मोबाइल की टॉर्च की रोशनी का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन इसका समाधान नहीं हो सका है। बच्चों की पढ़ाई भी हो रही प्रभावित रात में बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। पढ़ाई के समय बिजली गुल होने पर छात्र-छात्राओं को अंधेरे में बैठना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी बिजली पर निर्भर है। लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात में सांप-बिच्छू और चोरी का भी डर ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में रात के समय अंधेरा होने से खतरा और बढ़ जाता है। गांवों में सांप और अन्य कीड़े-मकोड़ों का डर बना रहता है। वहीं घरों और आसपास अंधेरा छाने से चोरी की घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि रात में नियमित बिजली सप्लाई सुरक्षा के लिहाज से भी जरूरी है। बिल समय पर, फिर भी नियमित बिजली नहीं ग्रामीणों का आरोप है कि वे बिजली का बिल समय पर जमा करते हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है। लोगों का कहना है कि उपभोक्ताओं से समय पर बिल वसूला जा रहा है, लेकिन रात में बिना सूचना बिजली काटे जाने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से रात की अघोषित कटौती तत्काल बंद कराने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। डीएम से शिकायत, सुधार नहीं हुआ तो सीएम से मिलेंगे हिंदू युवा वाहिनी महराजगंज के जिला मंत्री धनंजय कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने अघोषित बिजली कटौती की समस्या को लेकर जिलाधिकारी से बात की है। उन्होंने कहा कि चेहरी और खुटहा फीडर से जुड़े ग्रामीण इलाकों में रात के समय बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग की है। धनंजय कुमार शर्मा ने कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो मुख्यमंत्री से मिलकर भी समस्या से अवगत कराया जाएगा और समाधान की मांग की जाएगी।