BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश हाजी दद्दन खान ने श्रद्धालुओं को बांटे फल-पानी:बाबा विभूतिनाथ मंदिर जाने वाले...

हाजी दद्दन खान ने श्रद्धालुओं को बांटे फल-पानी:बाबा विभूतिनाथ मंदिर जाने वाले कांवड़ियों के लिए देर रात तक जलपान की व्यवस्था

0
1
हाजी दद्दन खान ने श्रद्धालुओं को बांटे फल-पानी:बाबा विभूतिनाथ मंदिर जाने वाले कांवड़ियों के लिए देर रात तक जलपान की व्यवस्था

कजरी तीज के मौके पर बाबा विभूतिनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और कांवड़ लेकर मंदिर पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए सिरसिया के निराला नगर में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी हाजी दद्दन खान के घर पर रविवार रात करीब 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए फल, पानी और जलपान की व्यवस्था की गई। हाजी दद्दन खान ने अपने साथियों के साथ श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उन्हें फल, पानी और जलपान बांटा। रास्ते से गुजर रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को रोककर उनका स्वागत किया गया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए यह व्यवस्था देर रात तक चलेगी। हाजी दद्दन खान ने कहा कि इस रास्ते से हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विभूतिनाथ मंदिर की ओर जाते हैं। उनकी सुविधा को देखते हुए जलपान का इंतजाम किया गया है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए की गई यह व्यवस्था गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल के तौर पर देखी जा रही है। शनिवार रात से ही पहुंचने लगे श्रद्धालु सोमवार को कजरी तीज का त्योहार मनाया जाएगा। इससे पहले रविवार से ही बाबा विभूतिनाथ मंदिर की ओर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार रात भी दूर-दूर से आने वाले कई श्रद्धालुओं के समूह डीजे और भक्ति गीतों के साथ सड़कों पर दिखाई दिए। पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया। सिरसिया स्थित बाबा विभूतिनाथ मंदिर में कजरी तीज के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। वे परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यवस्था की है।